दिल्ली आबकारी विभाग ने ज़ब्त दो हजार वाहनों की नीलामी की
दिल्ली आबकारी विभाग ने ज़ब्त दो हजार वाहनों की नीलामी की
नयी दिल्ली, छह सितंबर (भाषा) दिल्ली के आबकारी विभाग ने जब्त करीब दो हजार वाहनों की नीलामी कर पांच करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में यह जानकारी दी।
सीएमओ ने कहा कि रसायन विश्लेषण (मादक पदार्थ का पता लगाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली जांच) की करीब पांच हजार लंबित रिपोर्ट का निस्तारण कर जांच के लिए बचे मामलों की संख्या को शून्य किया गया है।
बयान के मुताबिक, दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत जब्त किए गए वाहनों की नीलामी से पुलिस थाना परिसर सहित सार्वजनिक भूमि खाली हुई है।
दिल्ली सरकार ने कहा कि वह प्रशासन को अधिक प्रभावी और कार्य कुशल बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
सीएमओ के मुताबिक, पूर्व में जब्त की गई शराब के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने में कई साल लग जाते थे जिससे पुलिस की जांच में देरी होती थी और बाद में कानूनी प्रक्रिया पर भी असर पड़ता था।
बयान में कहा गया कि प्रयोगशाला में लंबे समय से रिक्त पदों पर भर्ती की गई है और प्रयोगशाला को आधुनिक बनाने का काम भी जारी है।
सीएमओ ने कहा कि रसायन विश्लेषण रिपोर्ट तेज़ी से मिलने से आबकारी कानूनों को लागू करने और पुलिस की जांच में प्रत्यक्ष लाभ होने की उम्मीद है।
आबकारी विभाग ने बताया कि जांच की प्रक्रिया में तेजी से आबकारी नियमों को लागू करने में मजबूती आएगी और अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए एक प्रभावी व्यवस्था स्थापित करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार की प्रतिबद्धता केवल योजनाएं बनाने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, कार्यशील और परिणाम-उन्मुख बनाना भी है।
उन्होंने कहा कि काफी समय से लंबित मामलों का समय पर निस्तारण, सरकारी संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल और तेज प्रशासनिक प्रक्रियाएं सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


