दिल्ली अग्निकांड को लेकर सियासी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू
दिल्ली अग्निकांड को लेकर सियासी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू
नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने बुधवार को मालवीय नगर के होटल में लगी भीषण आग के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दोषी ठहराया। वहीं, सत्तारूढ़ दल ने दोनों विपक्षी दलों पर पिछले दशकों में ‘अराजक’ स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया।
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दिल्ली में लगातार हो रही आग की घटनाओं और मौतों पर चिंता जताई।
आप की दिल्ली इकाई के संयोजक सौरभ भारद्वाज ने मालवीय नगर स्थित घटनास्थल का दौरा किया और दावा किया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दमकल गाड़ियां डेढ़ घंटे देरी से पहुंचीं।
भारद्वाज ने कहा कि अग्निकांड में मारे गए लोगों में ज्यादातर विदेशी थे। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि इस त्रासदी से वैश्विक स्तर पर भारत की कैसी छवि बनेगी।
भारद्वाज ने आरोप लगाया, ‘‘बेशर्म भाजपा सरकार एक बार फिर अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है। पालम और विवेक विहार अग्निकांडों में भी भाजपा सरकार ने किसी की जवाबदेही तय नहीं की।’’
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि दिल्ली में होटल की ‘अराजक’ स्थिति उनके द्वारा चलाई गई 27 वर्षों की सरकारों के ‘भ्रष्टाचार’ का परिणाम है।
मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि होटल मालिकों और कांग्रेस तथा आप सरकारों की ‘सांठगांठ’ से अपूर्ण शर्तों के बावजूद जारी लाइसेंस के कारण 1998 से 2024 के बीच अवैध होटल तेजी से पनपे।
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्लीवासी भारद्वाज को अग्निकांड पर राजनीतिक बयानबाजी करते देख स्तब्ध हैं, क्योंकि पर्यटन विभाग ने मई 2024 में उनके मंत्री रहते हुए होटल को अपूर्ण शर्तों के साथ लाइसेंस जारी किया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारद्वाज को यह बताना होगा कि उनके कार्यकाल में ऐसी लापरवाही कैसे हुई।’’
आप नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘‘चूंकि अरविंद केजरीवाल सरकार अब सत्ता में नहीं है, इसलिए दिल्ली में अवैध निर्माण माफिया को खुली छूट मिल गई है।’’
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के तहत अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था ‘खस्ताहाल’ हो गई है। उन्होंने सवाल किया कि आग की वजह से होने वाले हादसों की जिम्मेदारी कौन लेगा।
कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और अग्निशमन सेवाओं पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनकी ‘मिलीभगत’ के कारण शहर में अवैध निर्माण बढ़ रहे हैं।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘जब तक इस साठगांठ को तोड़ा नहीं जाता, तब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी और लोग मरते रहेंगे।’’
यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन के तहत दिल्ली का बुनियादी ढांचा पूरी तरह से ‘नष्ट’ हो गया है और सरकारी अधिकारियों और एमसीडी में ‘उच्च स्तर का भ्रष्टाचार’ व्याप्त है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मालवीय नगर के हौज रानी में ‘‘अवैध रूप से संचालित’’ एक होटल में लगी भीषण आग पिछले तीन महीनों में राष्ट्रीय राजधानी में इस तरह की चौथी बड़ी आग दुर्घटना है, जिसने एक बार फिर भाजपा सरकार की ‘अक्षमता और भ्रष्टाचार’ को उजागर किया है। इस हादसे में कई विदेशियों सहित 21 लोगों की जान चली गई।
भाषा धीरज अविनाश
अविनाश

Facebook


