दिल्ली वन विभाग ने ‘टोल-फ्री’ ‘ग्रीन हेल्पलाइन’ को फिर से शुरू किया
दिल्ली वन विभाग ने ‘टोल-फ्री’ ‘ग्रीन हेल्पलाइन’ को फिर से शुरू किया
नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) दिल्ली सरकार के वन एवं वन्यजीव विभाग ने वृक्षों, वन्यजीवों और वन संबंधी मुद्दों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त करने के मकसद से अपना टोल-फ्री ‘ग्रीन हेल्पलाइन’ नंबर 1800118600 बहाल कर दिया। यहां एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।
विभाग ने बताया कि हेल्पलाइन को एक फरवरी 2026 से पुनः शुरू कर दिया गया है और यह पूरी तरह से कार्यरत है। वर्तमान में यह सेवा विभाग द्वारा नियुक्त एक तकनीकी सेवा प्रदाता द्वारा संचालित की जा रही है।
अधिकारियों ने कहा कि वन एवं वन्यजीव विभाग से संबंधित सभी शिकायतें अब ‘टोल-फ्री’ ‘ग्रीन हेल्पलाइन’ के माध्यम से प्राप्त की जाएंगी, जो नागरिकों के लिए पेड़ों के अवैध कटान, वन्यजीवों के संकट और वन से संबंधित अन्य चिंताओं जैसे मुद्दों की रिपोर्ट करने का प्राथमिक माध्यम होगी।
यहां अस्थायी व्यवस्था के तहत शिकायतें एक वैकल्पिक हेल्पलाइन नंबर के जरिए प्राप्त की जा रही थी और टोल फ्री ‘ग्रीन हेल्पलाइन’ नंबर की बहाली के बाद अब उस अस्थायी व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया।
‘टोल-फ्री’ हेल्पलाइन के काम न करने के बाद अप्रैल 2024 में एक अंतरिम उपाय के रूप में वैकल्पिक नंबर शुरू किया गया था।
आदेश में विभाग के मुख्यालय स्थित वन नियंत्रण कक्ष (एफसीआर) को हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने और उनका निपटान करते समय निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
भाषा यासिर रंजन
रंजन
रंजन

Facebook


