नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) दिल्ली सरकार ने मानसून की तैयारियों के तहत जलभराव से निपटने के लिए शहरभर में 200 टीमें तैनात की हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने अपने इंजीनियरों और कर्मचारियों को यह निर्देश भी दिया है कि यदि किसी अंडरपास में पानी का स्तर आठ इंच से अधिक हो जाता है तो वे यातायात का मार्ग बदल दें।
पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने बताया, ‘जलभराव वाले चिह्नित प्रत्येक स्थान के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है और 200 रखरखाव टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर होने वाले जलभराव की समस्या का समाधान करेंगी। सभी टीमों को जलभराव हटाने और नालों के मुहाने की सफाई के लिए चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।’
अंडरपास के लिए पीडब्ल्यूडी ने अपनी टीम को निर्देश दिया है कि यदि पानी का जमाव करीब छह से आठ इंच तक पहुंचता है तो वे तुरंत नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना दें और मोबाइल पंप चालू कर दें।
अधिकारी ने बताया, ‘यदि पंप शुरू करने के बाद भी पानी का स्तर लगातार बढ़ता रहता है, तो नियंत्रण कक्ष प्रभावित अंडरपास में यातायात रोकने के लिए यातायात पुलिस को सूचित करेगा। इसके बाद दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) को स्थिति की जानकारी दी जाएगी और बसों का मार्ग बदलने की सलाह दी जाएगी।’
अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मानसून की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और सभी विभागों को सतर्क रहने तथा आपस में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश