दिल्ली सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में 300 नयी एमबीबीएस व 103 पीजी सीटों का प्रस्ताव रखा

दिल्ली सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में 300 नयी एमबीबीएस व 103 पीजी सीटों का प्रस्ताव रखा

दिल्ली सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में 300 नयी एमबीबीएस व 103 पीजी सीटों का प्रस्ताव रखा
Modified Date: August 17, 2026 / 09:43 pm IST
Published Date: August 17, 2026 9:43 pm IST

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) दिल्ली सरकार ने चिकित्सा शिक्षा की क्षमता बढ़ाने के लिए चरणबद्ध विस्तार योजना के तहत अपने संस्थानों में स्नातक स्तर की 300 मेडिकल सीटें, 103 स्नातकोत्तर और ‘डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (डीएनबी)’ सीटें तथा पांच फेलोशिप सीटें जोड़ने का प्रस्ताव रखा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दिल्ली सरकार के अनुसार, इसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और दंत चिकित्सकों की कमी को दूर करना तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यबल को मजबूत करना है।

प्रस्तावित विस्तार के तहत द्वारका में निर्माणाधीन इंदिरा गांधी अस्पताल और गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल से संबद्ध मेडिकल कॉलेजों में 150-150 एमबीबीएस सीटें शुरू करने की योजना है।

सरकार ने डॉ. बी. एस. आंबेडकर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एमबीबीएस सीटों की संख्या 125 से बढ़ाकर 200 करने का प्रस्ताव रखा है। वहीं, मौलाना आजाद दंत चिकित्सा विज्ञान संस्थान (एमएआईडीएस) में बीडीएस सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 70 करने का प्रस्ताव है।

मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी) में स्नातकोत्तर सीटों की संख्या 260 से बढ़ाकर 295 करने का प्रस्ताव है, जबकि एमएआईडीएस में पीजी सीटें 22 से बढ़ाकर 42 करने की योजना है। इसके अलावा, बाबा साहेब आंबेडकर (बीएसए) मेडिकल कॉलेज में 24 सीटों वाला पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने का भी प्रस्ताव है।

प्रस्तावित 103 अतिरिक्त पीजी और डीएनबी सीटों में बीएसए मेडिकल कॉलेज में 24 एमडी/एमएस सीटें, एमएएमसी में 35 एमडी/एमएस सीटें और इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में 18 डीएनबी सीटें शामिल हैं।

भाषा आशीष नोमान

नोमान


लेखक के बारे में