दिल्ली में प्रेम प्रसंगों और अवैध संबंधों से जुड़े हत्याओं के मामले सबसे ज्यादा:एनसीआरबी

दिल्ली में प्रेम प्रसंगों और अवैध संबंधों से जुड़े हत्याओं के मामले सबसे ज्यादा:एनसीआरबी

दिल्ली में प्रेम प्रसंगों और अवैध संबंधों से जुड़े हत्याओं के मामले सबसे ज्यादा:एनसीआरबी
Modified Date: May 7, 2026 / 08:38 pm IST
Published Date: May 7, 2026 8:38 pm IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) महानगरों की तुलना में दिल्ली में सबसे ज्यादा हत्याएं अवैध संबंधों और प्रेम प्रसंगों के कारण हुई हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के नवीनतम आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, शहर में ‘प्रेम प्रसंगों’ के कारण 11 हत्याएं और ‘अवैध संबंधों’ के कारण 30 हत्याएं दर्ज की गईं।

एनसीआरबी की 2024 की रिपोर्ट से पता चला है कि 20 लाख से अधिक आबादी वाले 19 महानगरों में बेंगलुरु दिल्ली के बाद दूसरे स्थान पर है, जहां प्रेम प्रसंगों से जुड़ी 11 हत्याएं और अवैध संबंधों से संबंधित 19 हत्याएं दर्ज की गईं।

मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में इन दोनों श्रेणियों के अंतर्गत अपेक्षाकृत कम हत्याएं दर्ज की गईं।

दिल्ली में, हत्या के ज्यादातर मामलों में परिवार, संपत्ति और धन से संबंधित विवाद मुख्य कारण थे। ‘विवाद’ श्रेणी के अंतर्गत कुल 313 हत्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 228 ‘मामूली कारणों’ से हुईं। इसके बाद ‘धन’ संबंधित विवादों के कारण 40 और ‘संपत्ति’ से जुड़े विवादों के कारण हत्या के 30 मामले दर्ज किए गए।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली विभिन्न श्रेणियों में हत्याओं के मामलों में भी शीर्ष पर रही जिनमें ‘विवाद’ और ‘डकैती’ जैसे मकसद शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में दिल्ली में डकैतों द्वारा 87 लोगों की हत्या की गई।

नागपुर में पैसों के विवाद से जुड़ी 16 हत्याएं हुईं जो महानगरों में दूसरी सबसे अधिक संख्या है।

व्यक्तिगत द्वेष या शत्रुता से प्रेरित हत्याओं में भी दिल्ली शीर्ष पर रही, जहां ऐसे 81 मामले दर्ज किए गए। सूरत शत्रुता के कारण हुई हत्याओं के मामले में दूसरे स्थान पर रही, जहां 49 हत्याएं हुईं। इसके बाद बेंगलुरु में 41, अहमदाबाद में 31, पटना और पुणे में 25-25 हत्याएं दर्ज की गईं।

आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में हुई 19 हत्याओं के पीछे का मकसद अज्ञात रहा, जबकि पटना में 51 हत्याओं के पीछे का मकसद पता नहीं चल सका, जो सबसे अधिक संख्या है।

एनसीआरबी के अनुसार, 2024 में देश भर में हत्या के 27,049 मामले दर्ज किए गए, जो 2023 के 27,721 मामलों की तुलना में 2.4 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्शाते हैं।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव


लेखक के बारे में