दिल्लीः अपहरण का आरोपी पुलिस हिरासत से फरार

दिल्लीः अपहरण का आरोपी पुलिस हिरासत से फरार

दिल्लीः अपहरण का आरोपी पुलिस हिरासत से फरार
Modified Date: April 2, 2026 / 10:36 pm IST
Published Date: April 2, 2026 10:36 pm IST

नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) अपहरण के एक मामले में आरोपी 24 वर्षीय युवक दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के महिपालपुर इलाके में एक गेस्ट हाउस के बाथरूम की खिड़की के जरिए कथित तौर पर पुलिस हिरासत से भाग निकला। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान मोहम्मद साहिदुर रहमान उर्फ ​​आलू के रूप में हुई है, जो मणिपुर का निवासी है। उसके खिलाफ इम्फाल जिले के इरिलबंग थाने में मामला दर्ज किया गया था। सूचना मिलने पर मणिपुर पुलिस की एक टीम ने उसे 27 मार्च को गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार, उसे अगले दिन साकेत की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने मणिपुर पुलिस को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड दे दी।

मणिपुर रवाना होने से पहले, पुलिस टीम महिपालपुर के एक गेस्ट हाउस में आरोपी के साथ एक कमरे में ठहरी।

सूत्र ने बताया, ’28 मार्च की रात को आरोपी ने बाथरूम इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी। काफी देर तक वापस न आने पर अधिकारी को शक हुआ और उसने अंदर जाकर देखा तो बाथरूम खाली मिला।’

प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी बाथरूम की खिड़की से भाग निकला। टीम तुरंत बाहर दौड़ी और उसे कुछ देर के लिए पकड़ने में कामयाब रही, लेकिन वह खुद को छुड़ाकर भीड़ में भाग गया।

घटना के बाद मणिपुर पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सूचना दी। एक उपनिरीक्षक के बयान के आधार पर 29 मार्च को वसंत कुंज उत्तर थाने में मामला दर्ज किया गया।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में