दिल्ली: उपराज्यपाल व मुख्यमंत्री ने प्रदूषण नियंत्रण उपायों को तेज करने के निर्देश दिए

दिल्ली: उपराज्यपाल व मुख्यमंत्री ने प्रदूषण नियंत्रण उपायों को तेज करने के निर्देश दिए

दिल्ली: उपराज्यपाल व मुख्यमंत्री ने प्रदूषण नियंत्रण उपायों को तेज करने के निर्देश दिए
Modified Date: September 9, 2026 / 04:45 pm IST
Published Date: September 9, 2026 4:45 pm IST

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को सर्दियों से पहले प्रदूषण नियंत्रण उपायों को तेज करने के निर्देश दिए हैं।

इसके तहत अंतर-विभागीय टीमों की साप्ताहिक बैठकें आयोजित करने और अत्यधिक प्रदूषण वाले 47 स्थानों (हॉटस्पॉट) पर प्रदूषण कम करने के प्रयासों की देखरेख के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात करने के आदेश दिए गए हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए विभिन्न एजेंसियों की तैयारियों की समीक्षा के लिए उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में ये निर्देश जारी किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के 13 जिलों में फैले 47 हॉटस्पॉट में प्रदूषण कम करने के उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव स्तर के 13 वरिष्ठ अधिकारियों को इसका प्रभारी बनाया गया है।

बैठक में मंत्री आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा और पंकज कुमार सिंह के साथ-साथ मुख्य सचिव और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), दिल्ली जल बोर्ड, यातायात पुलिस, नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), पर्यावरण विभाग और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सड़क की धूल, निर्माण व इमारतों को तोड़ने से उत्पन्न कचरे, वाहनों व उद्योगों से होने वाले उत्सर्जन और खुले में कचरा जलाने से होने वाले प्रदूषण से निपटने के लिए उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की।

बैठक में 47 हॉटस्पॉट में से प्रत्येक के आसपास तीन किलोमीटर के दायरे के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में