दिल्ली: गोविंदपुरी दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

दिल्ली: गोविंदपुरी दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

दिल्ली: गोविंदपुरी दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
Modified Date: May 23, 2026 / 10:11 am IST
Published Date: May 23, 2026 10:11 am IST

नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) दक्षिण-पूर्व दिल्ली के गोविंदपुरी में एक महिला और उसके किशोर बेटे की हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी सौरभ महिला का दूर का रिश्तेदार है।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात गोविंदपुरी इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार तड़के गोविंदपुरी में शारदा साहू (38) और उनके 13 वर्षीय बेटे की चाकू से हमला कर हत्या करने के मामले में सौरभ वांछित था।

उसने बताया कि आरोपी के घाटी पार्क इलाके में मौजूद होने की खुफिया सूचना प्राप्त हुई जहां वह स्मैक का सेवन करता मिला।

पुलिस मौके पर पहुंची और उसे घेरने की कोशिश की।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार कहा गया लेकिन उसने भागने की कोशिश के दौरान पुलिस दल पर चार गोलियां चलाईं।

पुलिस दल ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और एक गोली सौरभ के पैर में जा लगी जिसके बाद उसे काबू कर हिरासत में ले लिया गया।

उसने बताया कि आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुठभेड़ में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जांचकर्ताओं द्वारा सीसीटीवी फुटेज के जरिए सौरभ की पहचान किए जाने के एक दिन बाद उसकी गिरफ्तारी की गई है।

पुलिस ने पहले कहा था कि आरोपी, महिला के परिवार का परिचित था और संभवतः बिना किसी विरोध के घर में दाखिल हो गया था।

पुलिस को संदेह है कि नशे के आदी सौरभ ने पहले शारदा पर चाकू से हमला किया, फिर बीच-बचाव करने आए उसके बेटे की हत्या कर दी।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या हत्या के पीछे लूट की नीयत थी, क्योंकि घर से नकदी और कीमती सामान गायब है।

पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्यों समेत अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

भाषा

खारी सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में