दिल्ली: मारपीट में लगी चोटों के कारण दो साल के बेटे की मौत के बाद व्यक्ति गिरफ्तार
दिल्ली: मारपीट में लगी चोटों के कारण दो साल के बेटे की मौत के बाद व्यक्ति गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जैतपुर इलाके में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कथित तौर पर मारपीट करने के आरोप में 34 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इस मारपीट में उसके दो साल के बेटे की मौत हो गई थी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना 19 जून को तब सामने आई, जब अपराह्न करीब 1:30 बजे घरेलू हिंसा के मामले को लेकर पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना मिली। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचीं और परिवार के तीन सदस्यों को घायल पाया।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता आरती ने आरोप लगाया कि उसका पति चंदन शर्मा एक बढ़ई है और उसने घरेलू विवाद को लेकर उससे और उसके दो बच्चों के साथ मारपीट की।
आरती ने आरोप लगाया कि शराब और मादक पदार्थ का आदी शर्मा हिंसक हो गया और घर के अंदर उसपर हमला किया।
पुलिस ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि दंपति के बेटे की हालत गंभीर होने के कारण उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह चोटों के कारण बच्चे की मौत हो गई।
शिकायत के बाद, 19 जून को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने बताया कि बच्चे की मौत के बाद मामले में बीएनएस की धारा 103(1) भी जोड़ी गई।
पुलिस ने बताया कि घटना के कुछ ही देर बाद आरोपी को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि हमले से जुड़ी घटनाओं के क्रम और बच्चे की मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप

Facebook


