दिल्ली: एआई से अश्लील तस्वीरें बनाकर प्रसारित करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
दिल्ली: एआई से अश्लील तस्वीरें बनाकर प्रसारित करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) उत्तर दिल्ली पुलिस ने कॉलेज की अपनी परिचित लड़की की तस्वीरों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से अश्लील बनाकर सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट के जरिए सार्वजनिक करने के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक केशव बंसल नामक आरोपी ने कई फर्जी इंस्टाग्राम, डिस्कॉर्ड और फेसबुक अकाउंट कथित तौर पर संचालित किए। उन्होंने बताया कि बंसल ने आपत्तिजनक सामग्री बनाते और प्रसारित करते समय गुमनाम रहने के लिए कई जीमेल आईडी का इस्तेमाल किया।
उन्होंने ने कहा कि 22 वर्षीय युवती ने उत्तर दिल्ली के साइबर थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी तस्वीरों का उपयोग करके एआई से अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाए और प्रसारित किए हैं।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसे कई इंस्टाग्राम अकाउंट से संदेश मिले हैं, जिनमें बताया गया है कि उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो डिस्कॉर्ड सर्वर के माध्यम से प्रसारित की जा रही हैं।
अधिकारी ने कहा कि पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने और साझा करने के लिए फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल किया जा रहा है और उसे अपमानित करने और परेशान करने के इरादे से धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे हैं।
भट्ट ने कहा कि इस बाबत मामला दर्ज किया गया और तुरंत जांच शुरू की गई तथा टीम ने फर्जी प्रोफाइल से जुड़े डिजिटल फुटप्रिंट, ईमेल आईडी और अन्य तकनीकी सबूतों का विस्तृत विश्लेषण किया।
अधिकारी ने कहा कि तकनीकी जांच में आपत्तिजनक सामग्री के निर्माण, अपलोडिंग और प्रसार के संबंध में इस्तेमाल किए गए कई इंस्टाग्राम अकाउंट, डिस्कॉर्ड अकाउंट और जीमेल आईडी के बीच संबंध का पता चला।
डीसीपी ने बताया कि जांच में पूर्वी पंजाबी बाग निवासी बंसल की पहचान की गई और उसे पकड़ लिया गया।
उन्होंने कहा कि बंसल ने शिकायतकर्ता के ‘प्राइवेट अकाउंट’ से उसकी तस्वीरें लीं और एआई के माध्यम से उन्हें अश्लील तस्वीरों में तब्दील किया और फर्जी अकाउंट के जरिए उन्हें सोशल मीडिया पर डाल दिया।
पूछताछ के दौरान, बंसल ने खुलासा किया कि वह शिकायतकर्ता को कॉलेज से जानता था और बार-बार अपमान के बाद वह खफा था। उसने खुलासा किया कि प्रारंभिक सामग्री अपलोड होने के बाद, अज्ञात ऑनलाइन उपयोगकर्ताओं ने एआई-जनित और तस्वीरें व वीडियो बनाए, जिन्हें बाद में उसने मंच पर दोबारा पोस्ट किया।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश

Facebook


