दिल्ली: शराब की दुकान में लूट के दौरान दो कर्मियों को घायल करने के आरोपी गिरफ्तार

Ads

दिल्ली: शराब की दुकान में लूट के दौरान दो कर्मियों को घायल करने के आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 03:07 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 03:07 PM IST

नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में एक सरकारी शराब की दुकान में लूट की कोशिश का विरोध करने पर इसके दो कर्मचारियों को दो हथियारबंद लोगों ने गोली मार दी और चाकू से हमला किया। बाद में दोनों को उत्तर प्रदेश की ओर भाग निकले जिन्हें पीछा करके गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

घटना शनिवार को पहाड़गंज में आरजी कॉम्प्लेक्स में स्थित एक सरकारी शराब की दुकान में रात 10.15 बजे हुई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लूट के इरादे से दुकान में घुसे और कर्मचारियों के विरोध करने पर उन पर हमला कर दिया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर पिस्तौल से चार गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन गोलियों का निशाना चूक गया जबकि एक गोली 37 वर्षीय सेल्समैन के सीने में लगी। उसी समय दूसरे आरोपी ने 34 वर्षीय अन्य सेल्समैन को चाकू घोंपकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।’’

आरोपियों ने कथित तौर पर एक अन्य कर्मचारी का बटुआ भी लूट लिया जिसमें कुछ पैसे और दस्तावेज थे और फिर मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।

अधिकारी ने बताया, ‘‘घटना की सूचना मिलते ही गश्त पर तैनात एक कांस्टेबल मौके पर पहुंचा और घायलों को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गया। आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गईं।’’

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और तकनीकी निगरानी का उपयोग करके उत्तर प्रदेश में उनकी गतिविधियों पर नजर रखी।

पुलिस ने बताया कि देर रात चलाए गए एक अभियान के बाद आरोपियों को गाजियाबाद के साहिबाबाद से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की पहचान मोंटी और हर्ष गोला के रूप में हुई है। दोनों 24 वर्ष के हैं और पहाड़गंज के संगतराशन इलाके के निवासी हैं। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि दोनों घायलों की हालत स्थिर है और उनका इलाज हो रहा है। आगे की जांच जारी है।

भाषा सुरभि नोमान

नोमान