दिल्ली: सीलमपुर में हथौड़े से वार कर पत्नी की हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली: सीलमपुर में हथौड़े से वार कर पत्नी की हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के बहस के दौरान अपनी पत्नी की कथित रूप से हथौड़े से वार कर हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान दाऊद इसहाक खान (36) के तौर पर हुई है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार तड़के सीलमपुर थाने को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर कथित तौर पर हमला किया और मौके से फरार हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि गौतमपुरी इलाके में स्थित घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस दल को 35 वर्षीय महिला का शव मिला।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, सीलमपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर, टीम ने आरोपी का पता लगाया और घटना के कुछ घंटे के भीतर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कथित रूप से खुलासा किया कि उसके और उसकी पत्नी के बीच मामूली बात पर बहस हो गई थी, जिसके दौरान उसने अपनी पत्नी पर छोटे हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि उसकी निशानदेही पर छोटा हथौड़ा और घटना के समय उसके द्वारा पहने गए कपड़े बरामद कर लिए गए।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


