दिल्ली: नाबालिग लड़की से बलात्कार व ब्लैकमेल करने का आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली: नाबालिग लड़की से बलात्कार व ब्लैकमेल करने का आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) दिल्ली में 30 वर्षीय एक व्यक्ति ने 13 साल की लड़की का कथित रूप से बलात्कार किया और फिर अपराध का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक सूत्र ने बताया कि पीड़िता के परिवार द्वारा 21 मई को शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
यह घटना उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में घटी।
सूत्रों के अनुसार, “पीड़िता हाल में अपने परिवार के साथ खजूरी खास इलाके में किराए के मकान में रहने आई थी। लड़की के परिवार ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि आरोपी के साथ उसका संपर्क तब हुआ जब वह अक्सर उसकी बहन से मिलने आता था, जो उसी इमारत में रहती थी जहां लड़की पहले रहती थी।”
बाद में आरोपी ने सोशल मीडिया पर लड़की से संपर्क किया। इसके बाद दोनों मिलने लगे।
लड़की ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले उसे एक दोस्त के घर ले गया और बाद में एक फैक्टरी में ले गया, जहां उसने उसके साथ बलात्कार किया और इस घटना का वीडियो बनाया।
सूत्र ने बताया, ‘आरोपी ने वीडियो का इस्तेमाल कर लड़की को धमकी दी और कथित तौर पर अलग-अलग जगहों पर नाबालिग का यौन उत्पीड़न किया।’
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने के लिए इस्तेमाल किए गए वीडियो समेत इलेक्ट्रॉनिक सबूत बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश

Facebook


