दिल्ली : झगड़े के दौरान बीच- बचाव करने वाले व्यक्ति को गोली मारने का आरोपी गिरफ्तार

Ads

दिल्ली : झगड़े के दौरान बीच- बचाव करने वाले व्यक्ति को गोली मारने का आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 02:52 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 02:52 PM IST

नयी दिल्ली, 20 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पिछले महीने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में झगड़े के दौरान बीच-बचाव कराने वाले व्यक्ति को गोली मारकर जख्मी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने यह बुधवार को जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी गौरव उर्फ लव शर्मा उर्फ संदीप उर्फ मसालेवाला (31) ने 23 अप्रैल को रोशन गार्डन इलाके में अपने दोस्त को हमले से बचाने की कोशिश करने पर शिकायतकर्ता पर गोली चला दी।

पुलिस ने बताया कि गौरव घटना के बाद से फरार था और हत्या, लूट, छीना-झपटी और शस्त्र अधिनियम के तहत अपराधों समेत 11 आपराधिक मामलों में शामिल है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता रोशन गार्डन इलाके में एक दोस्त के घर पर रुका हुआ था तभी उसके दोस्त की भतीजी ने उसे बताया कि दो लोग उसके चाचा से झगड़ा कर रहे हैं।

जब वह बाहर आया, तो उसने कथित तौर पर गौरव उर्फ मसालेवाला और प्रिंस मित्तल को अपने दोस्त पर हमला करते हुए पाया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब उसने लड़ाई रोकने के लिए बीच- बचाव किया तो गौरव ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर उस पर गोली चला दी और गोली उसके पैर में लगी।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए जबकि घायल को उसके परिवार वालों ने बहादुरगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया।

नजफगढ़ थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी पश्चिमी दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में आएगा। सूचना के आधार पर पुलिस ने अस्पताल के पास जाल बिछाया और कुछ दूर उसका पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया।

अधिकारी ने कहा, ‘2025 में, वह आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा था और उसने नजफगढ़ क्षेत्र में सट्टा लगवाने वालों और अवैध शराब विक्रेताओं से कथित तौर पर पैसे वसूलना शुरू कर दिया था।’

भाषा नोमान नोमान मनीषा नरेश

नरेश

शीर्ष 5 समाचार