दिल्ली: बकाया भुगतान नहीं होने पर व्यक्ति चढ़ा पेड़ पर
दिल्ली: बकाया भुगतान नहीं होने पर व्यक्ति चढ़ा पेड़ पर
नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) मध्य दिल्ली में एक व्यक्ति दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) द्वारा संचालित आश्रय गृहों का प्रबंध करने वाली एक एनजीओ से बकाया भुगतान नहीं मिलने का दावा करते हुए कथित रूप से खुदकुशी करने के लिए सोमवार को एक पेड़ पर चढ़ गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
हालांकि, पुलिस ने उसे समझा-बुझा कर पेड़ से सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे 51 वर्षीय राम सबद पेड़ पर चढ़ गया और इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचित किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की तथा उसे ऐसा कदम नहीं उठाने के लिए समझाया। इस बीच, दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “पुलिस और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयासों से, व्यक्ति को सुरक्षित रूप से पेड़ से नीचे लाया गया।”
उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान राम सबद ने आरोप लगाया कि डूसिब के लिए आश्रय गृहों का प्रबंध देखने वाले एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) से उसे बकाया पैसा नहीं मिला है और इस वजह से वह अपनी जान देने के लिए पेड़ पर चढ़ गया था।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद एनजीओ के प्रतिनिधियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वे उपलब्ध नहीं हुए।
अधिकारी ने बताया कि मौके पर ही व्यक्ति को परामर्श दिया गया और उसे आश्वस्त किया गया कि उसकी शिकायत पर गौर किया जाएगा और कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।
भाषा नोमान
नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


