दिल्ली: जहांगीरपुरी थाने में बीमार पड़ने के बाद व्यक्ति की मौत

दिल्ली: जहांगीरपुरी थाने में बीमार पड़ने के बाद व्यक्ति की मौत

दिल्ली: जहांगीरपुरी थाने में बीमार पड़ने के बाद व्यक्ति की मौत
Modified Date: April 20, 2026 / 07:02 pm IST
Published Date: April 20, 2026 7:02 pm IST

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में 34-वर्षीय एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। प्रारंभिक चिकित्सा रिपोर्ट के अनुसार, मौत की वजह शरीर में पानी की कमी थी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इसे हिरासत में मौत का संदिग्ध मामला माना जा रहा है।

यह घटना रविवार तड़के उस वक्त घटी जब भलस्वा डेयरी के निवासी अनीश को गश्ती दल के कर्मचारियों ने संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया और सत्यापन के लिए थाने ले आए।

अधिकारियों के अनुसार, नियमित रात्रि गश्त के दौरान अनीश को रविवार तड़के लगभग 3:30 बजे थाने लाया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘थाने में उसने (अनीश ने) बेचैनी की शिकायत की और उसे पानी दिया गया। हालांकि, उसकी हालत बिगड़ गई और उसे सांस लेने में तकलीफ होने लगी।’

अधिकारी ने बताया कि अनीश के अनुरोध पर ही पुलिसकर्मियों ने उसे बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच और चिकित्सा-कानूनी मामले (एमएलसी) की रिपोर्ट में शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट या हमले का कोई निशान नहीं मिला। इस बात की पुष्टि थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी की, जिनमें ड्यूटी पर तैनात संतरी भी शामिल है।

अधिकारी ने बताया, “अनीश विवाहित था। वह आज़ादपुर सब्जी मंडी में अपने पिता के साथ काम करता था। प्रारंभिक चिकित्सा रिपोर्ट के अनुसार, उसकी मृत्यु का कारण शरीर में पानी की कमी है।”

पुलिस ने बताया कि उसकी शारीरिक स्थिति कमजोर थी और वह बीमार था। परिवार के सदस्यों के अनुसार, उसे नशे की लत थी और वह पिछले कुछ दिनों से लगातार शराब का सेवन कर रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा।

उनके मुताबिक, कानूनी प्रावधानों के अनुसार जांच शुरू कर दी गई है और आगे की पड़ताल जारी है।

पुलिस ने कहा कि सभी प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता के साथ और कानून के अनुसार की जा रही हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम इस मामले की जांच करेगी।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में