दिल्ली: सिगरेट जलाने के लिए माचिस देने से मना करने पर व्यक्ति की हत्या, तीन पकड़े गए
दिल्ली: सिगरेट जलाने के लिए माचिस देने से मना करने पर व्यक्ति की हत्या, तीन पकड़े गए
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) उत्तर पश्चिमी दिल्ली में सिगरेट जलाने के लिए माचिस देने से इनकार करने को लेकर हुए झगड़े के दौरान 30 वर्षीय व्यक्ति की कथित रूप से चाकू से वार कर हत्या कर दी गई जबकि हमले में एक अन्य शख्स जख्मी हो गया।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि यह घटना मंगलवार को केशव पुरम इलाके में एक शराब की दुकान के सामने तब हुई जब तीन लोगों ने भवानी और आशाराम से सिरगेट जलाने के लिए माचिस मांगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि माचिस नहीं देने पर उनके बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद तीनों लड़कों ने भवानी एवं आशाराम से मारपीट की एवं उन पर चाकू से हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि भवानी को दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने कहा कि उसकी पीठ पर गहरा घाव हुआ था।
पुलिस ने बताया कि आशाराम (32) को छाती के पास चाकू लगा था और उसका इलाज चल रहा है। उसे बयान देने के लिए ‘अनफिट’ घोषित किया गया है।
पुलिस ने बताया कि केशव पुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कहा कि तकनीकी और स्थानीय खुफिया जानकारी हासिल कर हमले में शामिल लोगों की पहचान की गई।
अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी की पहचान नरेश बहादुर उर्फ नेपाली (19) के रूप में हुई है और उसे व उसके साथी तरूण (19) को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि हमले में संलिप्तता को लेकर एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
अधिकारी ने कहा कि नरेश ने दोनों पीड़ितों पर चाकू से वार किया, जबकि तरुण और नाबालिग ने उन पर मुक्कों से हमला किया।
पुलिस ने बताया कि नरेश की निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल चाकू को बरामद कर लिया गया है।
भाषा नोमान नोमान वैभव
वैभव

Facebook


