दिल्ली : महिला से ‘दोस्ती’ को लेकर जहांगीरपुरी में युवक की हत्या

Ads

दिल्ली : महिला से ‘दोस्ती’ को लेकर जहांगीरपुरी में युवक की हत्या

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 04:25 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 04:25 PM IST

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी में 18 वर्षीय युवक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या इसलिए कर दी गई, क्योंकि उसके बड़े भाई की एक आरोपी की पत्नी के साथ ‘दोस्ती’ है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पीड़ित की पहचान हसमत के रूप में हुई है। आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं जिनमें दिलशाद, इरफान व इमरान आपस में भाई हैं जबकि रिजबुल उनका करीबी संबंधी है। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपी फिलहाल फरार हैं।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित के भाई हकीम की रिजबुल की पत्नी मनवारा के साथ पिछले पांच से छह वर्षों से कथित दोस्ती थी जो इस घटना का कारण बनी।

एक अधिकारी ने कहा, ‘2024 में हकीम की दूसरी महिला से शादी होने के बावजूद, उसने यह संबंध जारी रखा, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव पैदा हुआ।’

ईद पर मनवारा ने हसमत की पत्नी से कथित रूप से दुर्व्यवहार किया जिसके बाद वह आरोपियों के घर पहुंच गया।

अधिकारी ने बताया, ‘तब से ही आरोपियों के मन में उसके प्रति द्वेष था। रविवार शाम करीब छह बजे उन्होंने रामलीला मैदान में हसमत पर हमला कर दिया।’

पुलिस ने बताया कि पीड़ित पर चाकू से कई बार वार किया गया और उसे गंभीर हालत में बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

अधिकारी ने कहा, ‘जांच के दौरान, प्रत्यक्षदर्शी हकीम ने बताया कि हसमत पर आरोपियों ने हमला किया था, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।’

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा