दिल्लीः धोबी घाट में युवक ने चाकू से वार कर दोस्त की हत्या की

दिल्लीः धोबी घाट में युवक ने चाकू से वार कर दोस्त की हत्या की

दिल्लीः धोबी घाट में युवक ने चाकू से वार कर दोस्त की हत्या की
Modified Date: September 1, 2026 / 05:42 pm IST
Published Date: September 1, 2026 5:42 pm IST

नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) मध्य दिल्ली के आईपी एस्टेट थाना क्षेत्र स्थित धोबी घाट में आपसी विवाद के दौरान 23 वर्षीय युवक ने अपने दोस्त की कथित रूप से चाकू से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 11:40 बजे धोबी घाट पर हुई। मृतक की पहचान धोबी घाट निवासी शिवम माथुर (25) के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित और आरोपी दोस्त थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनके बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ कि पीड़ित शिवम माथुर, आरोपी शिवम चौहान (23) और उनका दोस्त शिव कुमार गौतम एक साथ समय बिताने के लिए इकट्ठा हुए थे।

अधिकारियों के मुताबिक, उनके बीच का विवाद अचानक बढ़ गया, जिस दौरान आरोपी शिवम चौहान ने चाकू से शिवम माथुर के सीने और पेट पर कई वार किए।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद, गौतम घायल शिवम माथुर को एलएनजेपी अस्पताल ले गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चश्मदीद के बयान के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में आईपी एस्टेट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि धोबी घाट निवासी आरोपी शिवम चौहान (23) को गिरफ्तार कर लिया गया है और अपराध में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान दिलीप पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में