दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश, आईएमडी ने जारी किया ‘येलो अलर्ट’

Ads

दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश, आईएमडी ने जारी किया ‘येलो अलर्ट’

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 02:20 PM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 02:20 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) दिल्ली में शुक्रवार सुबह हल्की बारिश हुई और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कई हिस्सों में दिन के समय हल्की बारिश, गरज के साथ फुहारें और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जताते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्से, मध्य दिल्ली, शाहदरा, पूर्वी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है और लोगों को मौसम की जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है।

विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान भी जताया है।

आईएमडी अधिकारियों ने बताया कि मार्च में यह असामान्य मौसम उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहे पश्चिमी विक्षोभों की एक श्रृंखला से जुड़ा है। 15 मार्च से सक्रिय ये विक्षोभ इस बार सामान्य से कम ऊंचाई पर आगे बढ़ रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप उनका प्रभाव भी गहरा हो गया है और यही वजह है कि दिल्ली के मौसम का मिजाज भी इन दिनों बदला-बदला सा है।

अधिकारियों के अनुसार, इसके प्रभाव से शहर के कुछ हिस्सों में दिन में तेज हवाएं चलने, हल्की बारिश होने और हल्की धूल भरी आंधी की संभावना है, हालांकि मौजूदा मौसम गतिविधियों का तापमान पर कोई खास असर पड़ने के आसार नहीं है।

शुक्रवार सुबह शहर का न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 148 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी