केंद्र और जम्मू-कश्मीर सरकारें चुनावी वादे पूरे करने में विफल: कांग्रेस नेता तारा चंद

Ads

केंद्र और जम्मू-कश्मीर सरकारें चुनावी वादे पूरे करने में विफल: कांग्रेस नेता तारा चंद

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 12:54 AM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 12:54 AM IST

जम्मू, चार सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष तारा चंद ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि केंद्र और केंद्र शासित प्रदेश की सरकार, दोनों ही चुनाव के दौरान लोगों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही हैं।

अखनूर विधानसभा क्षेत्र के परगवाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री ने खराब सड़कों, अधूरी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं, बाढ़ से हुए नुकसान, बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने कहा कि आम लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि सरकारें उन्हें पर्याप्त राहत देने में विफल रही हैं।

पिछले वर्ष आई बाढ़ का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा और कई परिवार प्रभावित हुए, लेकिन सभी पीड़ितों तक पर्याप्त मुआवजा नहीं पहुंच पाया।

चंद ने कहा कि परगवाल-इंद्री पुल की आधारशिला करीब 12 साल पहले रखी गई थी, लेकिन परियोजना अब भी अधूरी है।

उन्होंने सरकार से सीमावर्ती क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था बेहतर करने के लिए इस पुल का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग की।

भाषा तान्या रंजन

रंजन