दिल्ली : उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर नाबालिग चलती मेट्रो के आगे कूदा, मौत
दिल्ली : उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर नाबालिग चलती मेट्रो के आगे कूदा, मौत
नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार को चलती मेट्रो ट्रेन के सामने कथित रूप से कूदने से 17 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस को सुबह 11.07 बजे हुई इस घटना के संबंध में स्टेशन नियंत्रक से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ट्रेन के आगे कूद गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘नाबालिग प्लेटफार्म नंबर 1 से पटरी पर कूद गया और द्वारका की तरफ से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया।’
अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद मेट्रो कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने लड़के को पटरी से हटा दिया।
मृतक की पहचान अश्विनी डागर के रूप में हुई है, जो नजफगढ़ का निवासी था। पुलिस ने बताया कि उसने हाल में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और उत्तम नगर के एक कोचिंग सेंटर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वह किसी निजी मुद्दे को लेकर परेशान था। पुलिस ने बताया कि वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और उसके पिता दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) में संविदा चालक के रूप में काम करते हैं।
अधिकारी ने बताया, ‘शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल भेजा गया है।’
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
मेट्रो इकाई के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा किया और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा

Facebook


