दिल्ली: जासूसी सेवाएं देने के नाम पर 1.15 लाख रुपये की ठगी, मां-बेटा गिरफ्तार

दिल्ली: जासूसी सेवाएं देने के नाम पर 1.15 लाख रुपये की ठगी, मां-बेटा गिरफ्तार

दिल्ली: जासूसी सेवाएं देने के नाम पर 1.15 लाख रुपये की ठगी, मां-बेटा गिरफ्तार
Modified Date: September 29, 2026 / 07:22 pm IST
Published Date: September 29, 2026 7:22 pm IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) पूर्वी दिल्ली पुलिस ने फर्जी जासूसी एजेंसी के जरिए एक व्यक्ति से 1.15 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी पूनम सिंह (45) और उसके बेटे अर्णव सिंह (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लैपटॉप और दो मोबाइल बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित ने जिले के साइबर थाने में ई-प्राथमिकी दर्ज कराई जिसमें उसने बताया कि वह जासूसी सेवाओं के लिए ऑनलाइन खोजबीन कर रहा था, तभी वह एक वेबसाइट पर पहुंचा और यह वेबसाइट वास्तविक जासूसी एजेंसी की वेबसाइट से मिलती जुलती थी।

पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता ने दिए गए मोबाइल नंबर से संपर्क किया और जासूसी सेवाएं देने के नाम पर उसे 1.15 लाख रुपये का भुगतान कर दिया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई, जिसने पता लगाया कि ठगी की रकम आरोपी पूनम सिंह के नाम पर खुले बैंक खाते में जमा की गई थी और बाद में रकम अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित कर दी गई।

पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपी पूनम सिंह पहले भी धोखाधड़ी के एक मामले में शामिल रही है।

भाषा नोमान दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में