दिल्ली पुलिस ने ई-सिम का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी के आरोप में बिहार के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने ई-सिम का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी के आरोप में बिहार के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 06:57 PM IST

नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बिहार के जमुई जिले से एक व्यक्ति को क्रेडिट कार्ड के जरिए करीब चार लाख रुपये की धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन शिकायत की जांच के बाद आरोपी सचिन कुमार (26) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, यहां शकूर बस्ती निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे अपनी सिम ई-सिम में बदलवाने के संबंध में एक कॉल आया था और जब उसने प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया, तो उसका मोबाइल नेटवर्क अचानक बंद हो गया।

उत्तर पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव ने बताया कि अगले दिन जब वह एक सेवा प्रदाता कंपनी के स्टोर में गया, तो उसने पता चला कि उसके नंबर पर पहले ही एक ई-सिम जारी की जा चुकी है और उसका आधार कार्ड भी लॉक कर दिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि मोबाइल और बैंकिंग सेवाएं बहाल होने के बाद, शिकायतकर्ता को पता चला कि उसके क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर उसके ई-कॉमर्स खाते से 3.99 लाख रुपये की खरीदारी की गई है।

यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर आठ फरवरी को ई-प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सामान दिल्ली और पटना के अधूरे पतों पर भेजा गया था।

अधिकारी ने कहा, ‘तकनीकी विश्लेषण और निगरानी से यह भी पता चला कि खाता बिहार के जमुई से संचालित किया जा रहा था, जिसके बाद स्थानीय पुलिस की सहायता से पुलिस दल ने छापा मारा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।’

पुलिस ने बताया कि अपराध के धन से खरीदे गए दो मोबाइल फोन और दो एलईडी टेलीविजन उसके पास से बरामद किए गए हैं।

अधिकारी के मुताबिक, आरोपी जानबूझकर सामान की आपूर्ति अधूरे पतों पर सड़क किनारे करवाता था ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि इसके बाद वह खरीदे गए सामान को खुले बाजार में कम कीमत पर बेच देता था।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश