दिल्ली पुलिस ने जबरन वसूली के मामले में गोगी गिरोह के फरार सदस्य को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने जबरन वसूली के मामले में गोगी गिरोह के फरार सदस्य को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने जबरन वसूली के मामले में गोगी गिरोह के फरार सदस्य को गिरफ्तार किया
Modified Date: June 2, 2026 / 09:44 pm IST
Published Date: June 2, 2026 9:44 pm IST

नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने हरियाणा के सोनीपत से गोगी गिरोह के एक वांछित सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो जबरन वसूली के एक मामले में एक साल से अधिक समय से गिरफ्तारी से बच रहा था। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बलजीत (39) को 2025 में रोहिणी के केएन काटजू मार्ग थाने में दर्ज एक मामले में भगोड़ा घोषित किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, 11 मई 2025 को दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में एक प्लॉट पर चार लोग एसयूवी से पहुंचे और एक मजदूर को जमीन खाली करने या गंभीर परिणाम भुगतने की कथित तौर पर धमकी दी। उन्होंने खुद को गोगी गिरोह का सदस्य बताया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अगले दिन मामला दर्ज किया और जांच के दौरान बलजीत की पहचान मामले के एक आरोपी के तौर पर हुई। उसके फरार रहने के बाद उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया।

विशेष प्रकोष्ठ ने संगठित गिरोह गतिविधियों और जबरन वसूली से जुड़े होने के कारण इस मामले को अपने हाथ में लिया और बलजीत को सोनीपत के गोहाना से 30 मई को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान बलजीत ने बताया कि उसने जूनियर बेसिक ट्रेनिंग (जेबीटी) कोर्स पूरा किया था और कुछ समय तक कुश्ती का प्रशिक्षण भी लिया था, लेकिन चोट लगने के कारण उसे यह खेल छोड़ना पड़ा। इसके बाद उसने गोहाना अनाज मंडी में कमीशन एजेंट के रूप में काम करना शुरू कर दिया।

वह एक दोस्त के माध्यम से गोगी गिरोह के संपर्क में आया और बाद में गिरोह के सदस्यों के साथ संबंध स्थापित कर लिए।

अधिकारी ने बताया, “बलजीत पहले भी हरियाणा में कई आपराधिक मामलों में शामिल था, जिनमें दंगा, हत्या का प्रयास, अपहरण और आपराधिक धमकी शामिल हैं।”

भाषा नोमान

नोमान माधव

माधव


लेखक के बारे में