दिल्ली पुलिस ने हरियाणा में हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस ने हरियाणा में हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) हरियाणा के झज्जर में दर्ज हत्या के एक मामले में फरार आरोपी को दिल्ली पुलिस ने रोहिणी इलाके से गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक अर्धस्वचालित पिस्तौल बरामद की। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान झज्जर निवासी 23 वर्षीय नितेश के तौर पर हुई है।
पुलिस के अनुसार नितेश 19 जुलाई को झज्जर में नीरज नामक व्यक्ति की हत्या और मंजीत नामक व्यक्ति पर गोलीबारी के मामले में वांछित था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “आरोपी की गतिविधियों के बारे में सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम ने रविवार रात रोहिणी के सेक्टर-26 में जाल बिछाया और रात नौ बजकर करीब पांच मिनट पर उसे पकड़ लिया।”
अधिकारी ने बताया कि उसके पास से हत्या और गोलीबारी में कथित रूप से इस्तेमाल एक अर्धस्वचालित पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि हत्या की वारदात नितेश और नीरज के भतीजे मंजीत के बीच पुरानी दश्मनी का नतीजा था।
उनके मुताबिक, आरोपी और उसके साथियों ने विवाद सुलझाने के बहाने नीरज और मंजीत को मिलने के लिए बुलाया था तथा बैठक के दौरान कथित तौर पर बहस छिड़ गई, जिसके बाद आरोपी ने गोली चला दी।
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में नीरज और मंजीत घायल हो गए और बाद में नीरज की मौत हो गई जबकि मंजीत का इलाज चल रहा है।
इस सिलसिले में नितेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने कहा कि नितेश का पिछला कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह अपने बड़े भाई के साथ खेती करता था।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश

Facebook


