दिल्ली पुलिस ने श्रीगंगानगर डकैती मामले में वांछित तीन आरोपी गिरफ्तार किए

Ads

दिल्ली पुलिस ने श्रीगंगानगर डकैती मामले में वांछित तीन आरोपी गिरफ्तार किए

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 07:00 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 07:00 PM IST

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के श्री गंगानगर में डकैती के एक मामले में कथित रूप से शामिल तीन अंतर-राज्यीय लुटेरों को गिरफ्तार किया है जिन पर कुल 75,000 रुपये का इनाम घोषित है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान शाहदरा के रहने वाले गुलशन सिंह (33) और संजय (28) तथा गाजियाबाद के रहने वाले सौरव (29) के तौर पर हुई है।

पुलिस के अनुसार, ये तीनों श्री गंगानगर के केशरी सिंहपुरा थाने में दर्ज लूट और डकैती के मामले में वांछित थे।

अधिकारी ने बताया कि राजस्थान पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर 75,000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘अपराध शाखा की एक टीम दूसरे राज्यों के उन अपराधियों पर नज़र रख रही थी, जिनके दिल्ली-एनसीआर में छिपे होने का शक था।’

उन्होंने बताया कि चार जून को राजस्थान मामले से जुड़े संदिग्धों की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद, एक टीम ने शाहदरा के मानसरोवर पार्क इलाके में छापेमारी की और गुलशन सिंह को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, उससे मिली जानकारी के आधार पर संजीव को भी गिरफ्तार किया गया।

दोनों ने पुलिस को कथित रूप से बताया कि उन्होंने द्वारका के छावला नाले के पास खड़ी एक स्कूटर में हथियार छिपाकर रखे थे। पुलिस ने बताया कि तलाशी लेने पर एक पिस्तौल, दो देसी कट्टे और छह कारतूस बरामद हुए।

एक मामला दर्ज किया गया और आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया।

जांच के दौरान, पुलिस ने नजफगढ़ इलाके से उनके साथी संजय को पकड़ा और उसके पास से एक और देसी कट्टा और दो कारतूस बरामद किए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर उस गिरोह का हिस्सा थे जिसने अक्टूबर 2025 में श्री गंगानगर में एक व्यापारी के घर पर डकैती की थी।

पुलिस के मुताबिक, हमलावर कथित तौर पर पुलिस की वर्दी पहने हुए थे और लाल बत्ती लगी गाड़ी में आए थे। वे घर में घुसे, परिवार के सदस्यों को धमकाया और कीमती सामान लेकर भाग गए।

भाषा नोमान नोमान रंजन

रंजन