दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, तीन गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, तीन गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, तीन गिरफ्तार
Modified Date: May 25, 2026 / 08:32 pm IST
Published Date: May 25, 2026 8:32 pm IST

नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने शराब की अंतरराज्यीय तस्करी के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया और राष्ट्रीय राजधानी व बेंगलुरु से लगभग 1.50 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध शराब 154 पेटियां बरामद की। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान दिल्ली पुलिस ने अवैध शराब की 80 पेटियां दिल्ली से और 74 पटियां बेंगलुरु के यशवंतपुर रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन से बरामद की। साथ ही अपराध में इस्तेमाल किए गए दो वाहनों को भी जब्त किया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘आरोपियों की पहचान अखिलेश कुमार सिंह (34), उपेंद्र सिंह (45) और उनके बेटे अंकित सिंह (23) के रूप में हुई है।’

उन्होंने बताया कि महरौली क्षेत्र में शराब की तस्करी से संबंधित घटनाओं के बार-बार सामने आने के बाद पुलिस ने यह अभियान शुरू किया।

अधिकारी के मुताबिक, 18 मई को, पुलिस की एक टीम ने नियमित गश्त के दौरान महरौली में एक टेम्पो को रोका और उसमें लदी हुई अवैध शराब की 63 पेटियां बरामद कीं। चालक अखिलेश कुमार सिंह को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और वाहन को जब्त कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान, अखिलेश ने खुलासा किया कि वह उपेंद्र सिंह और उसके बेटे अंकित सिंह के निर्देश पर रेलवे पार्सल बुकिंग पॉइंट पर शराब की खेप पहुंचाता था।

उसके खुलासे के आधार पर, पुलिस ने राजपुर खुर्द स्थित पिता-पुत्र के आवास पर छापा मारा और अवैध शराब की 11 और पेटियां जब्त कीं। दोनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया, ‘बाद में एक टीम ने पाया कि गिरोह गुरुग्राम स्थित तस्करों से शराब खरीदता था और एलईडी टेलीविजन और इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित वाणिज्यिक वस्तुओं बताकर खेप को रेलवे पार्सल सेवाओं के माध्यम से इसे बेंगलुरु भेजता था।’

पुलिस ने बताया कि अंतरराज्यीय आपूर्ति श्रृंखला, वित्तीय लेनदेन और गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता की आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश


लेखक के बारे में