दिल्ली पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी से जुड़े ‘म्यूल खाता गिरोह’ का भंडाफोड़ किया, 14 लोग गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी से जुड़े 'म्यूल खाता गिरोह’ का भंडाफोड़ किया, 14 लोग गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी से जुड़े ‘म्यूल खाता गिरोह’ का भंडाफोड़ किया, 14 लोग गिरफ्तार
Modified Date: April 11, 2026 / 09:31 pm IST
Published Date: April 11, 2026 9:31 pm IST

नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने कथित तौर पर ‘म्यूल’ बैंक खातों की सुविधा प्रदान करने वाले एक साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया और कई स्थानों से 14 लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

‘म्यूल’ बैंक खाते ऐसे खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल अपराधी खाताधारकों की जानकारी के बिना या कभी-कभी उसकी मिलीभगत से अवैध धन के लेन-देन या धनशोधन के लिए करते हैं।

अधिकारी ने बताया कि धोखाधड़ी के मामलों से जुड़े संदिग्ध बैंक खातों के विश्लेषण के बाद यह कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी फर्जी निवेश योजनाओं और ऑनलाइन नौकरी के घोटालों में शामिल जालसाजों को बैंक खाते, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड मुहैया कराने में कथित तौर पर शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि धोखाधड़ी से कमाए गए पैसे को इन खातों के माध्यम से भेजा जाता था और एक ‘गेमिंग ऐप्लिकेशन’ का उपयोग करके इसे छिपाया जाता था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली-एनसीआर में तकनीकी निगरानी और छापेमारी के दौरान, गिरोह के सदस्यों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार किया गया।’’

जांच से पता चला कि यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से काम करता था, लोगों को बैंक खाते खोलने या उपलब्ध कराने के बदले कमीशन का लालच देता था, जिनका इस्तेमाल बाद में धोखाधड़ी से प्राप्त धन का शोधन करने के लिए किया जाता था।

पुलिस ने बताया कि पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर में इस गिरोह के एक प्रमुख परिचालन कार्यालय का पता चला है, जहां कथित तौर पर कई आरोपी गेमिंग आधारित कॉल सेंटर चला रहे थे।

पुलिस ने बताया कि उनके पास से कथित तौर पर 79,000 रुपये नकद, 28 मोबाइल फोन, 17 पासबुक, तीन लैपटॉप और 23 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने यह भी बताया कि मुख्य साजिशकर्ता और अन्य संबंधित पक्षों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में