दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी भर में विशेष ‘सामान्य गश्त’ की
दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी भर में विशेष 'सामान्य गश्त' की
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा इंतजामों के तहत दिल्ली पुलिस ने सभी 15 पुलिस जिलों में एक विशेष ‘सामान्य गश्त’ की, जिसमें सड़कों और रणनीतिक स्थानों पर अधिकतम कर्मियों को तैनात किया गया था। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मंगलवार रात्रि को रात 11 बजे से और तड़के दो बजे तक तीन घंटे का यह अभियान चलाया गया। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और विभिन्न नाकों पर तैनात कर्मियों की तैयारियों का जायजा लिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस कवायद का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों को रोकना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना था कि 15 अगस्त के समारोह से पहले सड़कें सुरक्षित रहें।
उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों ने कारों, संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की, जबकि बिना हेलमेट दो पहिया गाड़ी चलाने और इनपर तीन सवारी बैठाने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष ध्यान दिया गया।
एक अन्य अधिकारी ने कहा, “मॉल, लावारिस वाहनों और पार्किंग स्थलों की जांच की गई, जबकि सीमावर्ती नाकों पर अधिकतम कर्मचारियों को ड्यूटी पर तैनात कर उन्हें मजबूत किया गया।”
अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस की व्यवस्थाओं के लिए विशिष्ट ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को गश्त से छूट दी गई थी।
उन्होंने बताया कि इस गश्त के तहत संवेदनशील स्थानों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, संवेदनशील क्षेत्रों और रणनीतिक स्थलों के साथ-साथ होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई।
पश्चिमी जिले के एक अधिकारी ने बताया कि बाइक और पैदल गश्त को बढ़ाया गया, जबकि सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने और किसी भी घटना पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पीसीआर वैन और यातायात पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया।
अधिकारी ने कहा कि इसका उद्देश्य सड़कों पर पुलिस कर्मियों की मौजूदगी को बढ़ाना और असामाजिक तत्वों को ऐसी किसी भी गतिविधि से रोकना था जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति में बाधा आए।
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले तैयारियों की समीक्षा करने और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने के लिए शहर भर के कई पुलिस नाकों का दौरा किया।
यह सामान्य गश्त 15 अगस्त से पहले पूरी दिल्ली में लागू बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का ही एक हिस्सा थी।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश

Facebook


