दिल्ली पुलिस ने मध्यप्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
दिल्ली पुलिस ने मध्यप्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन रद्द किए जाने के खिलाफ पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में मार्च निकाला और राष्ट्रपति भवन की जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारी दिल्ली के लुटियन क्षेत्र में एकत्र हुए और नटराजन का नामांकन पत्र स्वीकार करने की मांग को लेकर राष्ट्रपति भवन की ओर बढ़ने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बीच-बचाव किया और प्रदर्शनकारियों को अति सुरक्षित इलाके की ओर बढ़ने से रोकने के लिए उन्हें हिरासत में ले लिया।
मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश में तानाशाही लागू कर दी है। मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र स्वीकार किया जाना चाहिए। हमने निर्वाचन आयोग से संपर्क किया लेकिन हमें न्याय नहीं मिला, और उच्चतम न्यायालय ने हमें समय नहीं दिया। जब तक मीनाक्षी नटराजन को न्याय नहीं मिल जाता, हम अपना आंदोलन जारी रखेंगे।’’
पुलिस ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में रही और एहतियात के तौर पर हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को इलाके से हटा दिया गया।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


