दिल्ली पुलिस ने अपहृत बच्ची को छुड़ाया, फैक्टरी कर्मचारी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने अपहृत बच्ची को छुड़ाया, फैक्टरी कर्मचारी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अशोक विहार इलाके से कथित तौर पर अगवा की गयी तीन वर्षीय बच्ची को सुरक्षित छुड़ा लिया है और इस सिलसिले में फैक्टरी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में 22 फरवरी को सूचना मिली थी कि वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र (डब्ल्यूपीआईए) में स्थित एक फैक्टरी के पास से एक बच्ची को अगवा कर लिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (उत्तर-पश्चिम) भीष्म सिंह ने कहा, ‘मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और बच्ची की तलाश के लिए अभियान शुरू किया।’
अधिकारी ने बताया कि एक टीम ने घटनास्थल पहुंच कर मौका मुआयना किया और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाना शुरू किया जबकि दूसरी टीम ने संदिग्ध की पहचान करने और बच्ची का पता लगाने के लिए आसपास की सड़कों और औद्योगिक इकाइयों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
उन्होंने बताया कि जांच और तकनीकी विश्लेषण के दौरान संदिग्ध की पहचान अमित (47) के रूप में हुई। वह इसी इलाके का निवासी है और डब्ल्यूपीआईए की एक फैक्टरी में काम करता है।
अधिकारी ने कहा, ‘आरोपी का मोबाइल नंबर प्राप्त कर तकनीकी निगरानी पर रखा गया। हर समय निगरानी के जरिए पुलिस ने उस तक पहुंचने में सफल रही। इस संबंध में पुख्ता सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। पुलिस नियंत्रण कक्ष में फोन पर मिली सूचना के बाद एक घंटे के भीतर ही आरोपी को पकड़ लिया गया तथा बच्ची को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।’
उन्होंने बताया कि बच्ची को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और उसे तुरंत उसके परिवार के पास पहुंचा दिया गया है।
पुलिस अब अपहरण करने का मकसद का पता लगाने में जुटी है।
भाषा प्रचेता माधव
माधव

Facebook


