मानसून सत्र से पहले दिल्ली पुलिस ने विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
मानसून सत्र से पहले दिल्ली पुलिस ने विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) विधानसभा के मानसून सत्र से पहले दिल्ली पुलिस ने एक ‘मॉक ड्रिल’ की और सुरक्षा इंतज़ामों का जायज़ा लिया।
विधानसभा की सुरक्षा में अप्रैल में सेंध लगी थी जब एक गाड़ी परिसर में घुस गई थी। इसके बाद से विधानसभा की सुरक्षा के लिए कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। सभी प्रवेश द्वारों पर हाइड्रोलिक मार्ग अवरोधक लगाए जा रहे हैं।
दिल्ली विधानसभा का तीन दिवसीय मानसूत्र सात से 11 अगस्त तक चलेगा और इस दौरान सरकार तीन विधेयक पेश करेगी।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने एक बयान में कहा, ‘सदन मानसून सत्र के लिए पूरी तरह से तैयार है।’
सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने के लिए एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक हुई, जिसमें दिल्ली पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), दिल्ली अग्निशमन सेवा, बम निरोधक दस्ते, स्पेशल स्टाफ और विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बयान में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस ने परिचालन तैयारियों, आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और किसी भी आपात स्थिति पर प्रतिक्रिया देने की तैयारी का आकलन करने के लिए विधानसभा परिसर में एक व्यापक ‘मॉक ड्रिल’ आयोजित की।
विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) देवेश श्रीवास्तव ने विधानसभा अध्यक्ष को सूचित किया कि मानसून सत्र के सुचारू और सुरक्षित संचालन के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा तैयारियां कर ली गई हैं।
सत्र के दौरान दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ के लगभग 130 जवान तैनात रहेंगे। बयान में कहा गया कि परिसर की चारदीवारी पर ‘व्यू कटर’ (दृष्टि अवरोधक) लगाए जाएंगे, ताकि बाहर से परिसर के अंदर अनधिकृत रूप से देखा न जा सके।
दिल्ली विधानसभा में एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्थायी रूप से तैनात किया जाएगा, और निरंतर पर्यवेक्षण के लिए विधानसभा परिसर के भीतर दिल्ली पुलिस कर्मियों के लिए एक समर्पित कार्यालय स्थापित किया जाएगा।
बयान के मुताबिक, किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की ‘क्विक रिस्पॉन्स टीम’ (क्यूआरटी) पहले से ही तैनात कर दी गई है। संशोधित प्रवेश व्यवस्था के अनुसार, विधानसभा परिसर में प्रवेश केवल गेट संख्या-1 से ही होगा, जबकि अन्य सभी प्रवेश द्वारों का उपयोग नियंत्रित रखा जाएगा, ताकि परिसर की सुरक्षा और बेहतर बनाई जा सके।
वहीं विधानसभा के मानसून सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की कोशिश करेगी।
‘आप’ नेताओं ने कहा कि वे सदन में कुछ मुद्दे उठाएंगे, जिनमें चिकित्सा उपकरणों की खरीद में कथित भ्रष्टाचार, दिल्ली सरकार द्वारा स्कूली छात्राओं को बांटने के लिए खरीदी गई साइकिलें और शहर में हाल में लगी आग की घटनाओं से जुड़ी कथित खामियां शामिल हैं।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश

Facebook


