दिल्ली पुलिस ने ‘आपत्तिजनक’ भाषा वाले पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया अकाउंट को नोटिस भेजे
दिल्ली पुलिस ने ‘आपत्तिजनक’ भाषा वाले पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया अकाउंट को नोटिस भेजे
नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के जंतर मंतर पर हुए हालिया प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ “अपमानजनक” भाषा वाले या “अवैध’ पोस्ट डिलीट करने के लिए सोशल मीडिया अकाउंट को नोटिस भेजना शुरू कर दिया है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह कार्रवाई विरोध प्रदर्शन के दौरान और उसके बाद अपलोड की गई सामग्री की समीक्षा के बाद की गई है। पुलिस कानून के संभावित उल्लंघन और लोक व्यवस्था पर संभावित प्रभाव को लेकर सोशल मीडिया मंचों पर डाले गए पोस्ट, वीडियो और टिप्पणियों की जांच कर रही है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”आपत्तिजनक और अवैध सामग्री को हटाना एक सतत प्रक्रिया है।”
एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विरोध प्रदर्शन की निगरानी के दौरान, दिल्ली पुलिस ने कथित तौर पर पाकिस्तान से जुड़े 480 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान की, जो सक्रिय रूप से प्रदर्शनों से संबंधित फर्जी विमर्श, अफवाहें और डीपफेक वीडियो प्रसारित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान से संबंधित यही अकाउंट ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के दौरान भी सक्रिय थे। टीमें पाकिस्तान से संबंधित अकाउंट के ‘आईपी एड्रेस’ की भी जांच कर रही हैं।’
पुलिस के अनुसार, समर्पित टीमें उन अकाउंट की पहचान कर रही हैं, जिन्होंने अपमानजनक भाषा, गलत सूचना या ऐसी सामग्री अपलोड की है जो प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत उल्लंघन की श्रेणी में आ सकती है।
अधिकारी ने कहा, ‘हमारी टीमें हर एक वीडियो की ठीक से निगरानी कर रही हैं और हम ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट को नोटिस जारी कर रहे हैं जो फर्जी, डीपफेक और अवैध सामग्री पोस्ट करने में शामिल थे।’
अधिकारी ने कहा कि पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी टीम प्रदर्शन से जुड़े आपत्तिजनक पोस्ट की पहचान करने और उचित कार्रवाई करने के लिए ऑनलाइन मंचों पर चौबीसों घंटे निगरानी रख रही है।
अधिकारी ने कहा कि जारी किए जा रहे नोटिस में सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपमानजनक भाषा वाले या अवैध पाए जाने वाले पोस्ट को हटाने के लिए कहा गया है, जबकि कानून के अनुसार उचित कार्रवाई के लिए मंचों से भी संपर्क किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निगरानी की कवायद जारी रहेगी और जांचकर्ता प्रदर्शन से संबंधित डिजिटल सबूतों का विश्लेषण करेंगे और भ्रामक या गैरकानूनी सामग्री प्रसारित करने में शामिल और अकाउंट की पहचान करेंगे।
अधिकारी ने कहा कि वे सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत नोटिस जारी कर रहे हैं।
पुलिस ने एक अधिकारी के हालिया डीपफेक वीडियो को साझा करते हुए कहा, ‘छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस के डीसीपी (पुलिस उपायुक्त) सुमित झा के इस्तीफे का दावा करने वाला वायरल वीडियो पूरी तरह से फर्जी और कृत्रित बुद्धिमत्ता से बना है।’
पुलिस ने अधिकारी की प्रामाणिक फुटेज भी साझा की।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश

Facebook


