दिल्ली पुलिस पीजी व किराये के आवासों में रहने वाले छात्रों से बातचीत करेगी
दिल्ली पुलिस पीजी व किराये के आवासों में रहने वाले छात्रों से बातचीत करेगी
नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अपने थानेदारों (एसएचओ) और सहायक पुलिस आयुक्तों (एसीपी) को शहर में पेइंग गेस्ट (पीजी) और अन्य किराए के आवासों में रहने वाले छात्रों के साथ नियमित रूप से बातचीत करने और उनकी चिंताओं को दूर करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह निर्देश दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर के पास स्थित सत्य निकेतन में पांच मंजिला पीजी इमारत ढहने से पांच छात्रों समेत सात लोगों की मौत के बाद दिए गए हैं। घटना के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने पुलिस और अन्य अधिकारियों को पीजी आवास में रहने वाले छात्रों के सामने आने वाली समस्याओं का तुरंत समाधान करने का निर्देश दिया था।
अधिकारियों ने कहा कि पुलिस को 20 सितंबर तक कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) जमा करने को कहा गया है।
एसएचओ और एसीपी को जारी आदेश के अनुसार, जिन इलाकों में कॉलेज, विश्वविद्यालय, छात्रावास और पीजी ज्यादा हैं, वहां के अधिकारियों को अपने क्षेत्र में रहने वाले छात्रों से नियमित रूप से मिलकर बातचीत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि संवाद सुरक्षा संबंधी चिंताओं, स्थानीय अपराध-संबंधित मुद्दों, उत्पीड़न, महिला सुरक्षा और आवास से संबंधित समस्याओं पर केंद्रित होगा।
उन्होंने बताया कि जहां भी छात्रों द्वारा उठाए गए किसी मुद्दे पर किसी अन्य विभाग के हस्तक्षेप की आवश्यकता होगी, पुलिस अधिकारी संबंधित नगर निकाय एजेंसियों के साथ भी समन्वय करेंगे।
संधू ने दिल्ली सरकार को पीजी आवासों के विनियमन और निगरानी के लिए एक नीति तैयार करने के वास्ते एक समिति गठित करने का भी निर्देश दिया है।
अधिकारियों ने कहा कि उपराज्यपाल ने पुलिस की पहुंच को मजबूत करने और छात्रों के बीच विश्वास पैदा करने की आवश्यकता पर जोर दिया था।
भाषा नोमान
नोमान माधव
माधव

Facebook


