नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। वहीं, अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे 135 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच के एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव