दिल्ली में तीन साल में जुलाई का सबसे ठंडा दिन दर्ज; भारी बारिश से जलभराव, यातायात प्रभावित

दिल्ली में तीन साल में जुलाई का सबसे ठंडा दिन दर्ज; भारी बारिश से जलभराव, यातायात प्रभावित

दिल्ली में तीन साल में जुलाई का सबसे ठंडा दिन दर्ज; भारी बारिश से जलभराव, यातायात प्रभावित
Modified Date: July 28, 2026 / 10:21 pm IST
Published Date: July 28, 2026 10:21 pm IST

नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) दिल्ली में मंगलवार को भारी मानसूनी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया, सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात प्रभावित हुआ।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, मंगलवार का दिन इस साल का अब तक का सबसे अधिक बारिश वाला और पिछले तीन वर्षों में जुलाई महीने का सबसे ठंडा दिन रहा।

आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 9.1 डिग्री कम था। यह जुलाई में आठ जुलाई 2023 के बाद सबसे कम अधिकतम तापमान है, जब पारा 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

बारिश के बीच दिल्ली की हवा भी साफ रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘संतोषजनक’ श्रेणी में दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 57.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, दिल्ली के कुछ हिस्सों में इससे भी अधिक बारिश हुई। इस अवधि में पूसा में सबसे अधिक 88.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नयी दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) को जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली कटौती से जुड़ी कम से कम 136 शिकायतें मिलीं।

एमसीडी ने बताया कि उसके केंद्रीय नियंत्रण कक्ष को दोपहर दो बजे से शाम छह बजे के बीच 36 शिकायतें मिलीं, जिनमें 20 जलभराव और 16 पेड़ गिरने से संबंधित थीं। ये शिकायतें पश्चिम विहार वेस्ट, ओखला फेज-2, वसंत कुंज, लक्ष्मी नगर, सफदरजंग एन्क्लेव, दरियागंज, मायापुरी, पंजाबी बाग, रोहिणी और द्वारका सहित कई इलाकों से आईं।

पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने बताया कि विभाग को जलभराव की करीब 60 शिकायतें मिलीं, जिनमें से अधिकांश का समाधान एक घंटे के भीतर कर दिया गया। इसके अलावा, पेड़ गिरने से जुड़ी 15 शिकायतें भी मिलीं, जिन पर काम जारी था।

एनडीएमसी के अनुसार, उसे बारिश से जुड़ी 38 शिकायतें मिलीं, जिनमें 19 जलभराव, छह पेड़ गिरने और 13 बिजली कटौती की थीं, जिन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की गई। ये शिकायतें गोल मार्केट, शाहजहां रोड, कृष्ण मेनन मार्ग, गोल्फ लिंक्स, जनपथ, कनॉट प्लेस, लोधी कॉलोनी, सरोजिनी नगर, साउथ एवेन्यू, आईएनए और आसपास के इलाकों से प्राप्त हुईं।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के प्रमुख केंद्र राजेंद्र नगर में सड़कें जलमग्न हो गईं। इससे वर्ष 2024 की उस घटना की यादें ताजा हो गईं, जब एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में बारिश का पानी भरने से सिविल सेवा की तैयारी करने वाले तीन अभ्यर्थियों की मौत हो गई थी। जलभराव वाले क्षेत्र में कार, मोटरसाइकिल और ऑटो आंशिक रूप से डूबे नजर आए।

सदर बाजार में संकरी गलियों में घुटनों तक पानी भर गया। गंदे पानी और तैरते कचरे के बीच स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और खरीदारों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। कई दुकानों में पानी घुसने से कारोबार प्रभावित हुआ।

कनॉट प्लेस और आसपास के जनपथ बाजार में भी भारी जलभराव देखा गया।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्ट के मुताबिक, ग्रेटर कैलाश-2 से सावित्री सिनेमा, चिराग दिल्ली, हौज खास और आरके पुरम के अलावा संगम विहार से खानपुर तक एमबी रोड पर दोनों ओर भारी यातायात जाम रहा।

जलभराव के कारण एनएच-8 पर शंकर विहार के पास जाकिर हुसैन रोड, दिल्ली कैंट-नरैना फ्लाईओवर-मायापुरी मार्ग, आईटीओ, पुराना रोहतक रोड, मधुबन चौक-नेताजी सुभाष प्लेस मार्ग, पीरागढ़ी, एम्स के पास एनएच-48, दिल्ली-नोएडा रोड, कालिंदी कुंज और विकास मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा।

लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मिंटो ब्रिज का वीडियो साझा करते हुए कहा कि शहर में बारिश जारी रहने के बावजूद इस मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज ने सदर बाजार का एक वीडियो साझा किया, जिसमें सड़क पर घुटनों तक भरे पानी में स्कूली बच्चे, कार्यालय जाने वाले लोग और दुकानदार गुजरते दिखाई दे रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक लोधी रोड में 68.8 मिलीमीटर, सफदरजंग में 57.6 मिलीमीटर, आयानगर में 51.5 मिलीमीटर, राजघाट में 47.2 मिलीमीटर, रिज में 40.6 मिलीमीटर, मयूर विहार में 36 मिलीमीटर, पालम में 27.8 मिलीमीटर और नजफगढ़ में 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

विभाग के मुताबिक, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम और पिछले दिन की तुलना में 9.1 डिग्री कम था। पालम और लोधी रोड में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमश: 5.7 और 4.4 डिग्री कम तथा पिछले दिन की तुलना में 7.6 डिग्री कम था।

रिज मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम और पिछले दिन की तुलना में 7.5 डिग्री कम था। वहीं, आयानगर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.4 डिग्री कम और एक दिन पहले की तुलना में 7.3 डिग्री कम था।

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह 8:30 बजे तक रिज में सबसे अधिक 37.6 मिलीमीटर संचयी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद लोधी रोड में 36.7 मिलीमीटर, सफदरजंग में 32.4 मिलीमीटर, आयानगर में 4 मिलीमीटर और पालम में 0.8 मिलीमीटर बारिश हुई।

सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम था। पालम में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम था। वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम था।

रिज मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम था, जबकि आयानगर में न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली की वायु गुणवत्ता इस महीने 11वीं बार ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही। शाम चार बजे दिल्ली का एक्यूआई 66 दर्ज किया गया।

एक्यूआई में 0 से 50 के बीच का स्तर ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

मंगलवार की बारिश के बाद सफदरजंग में इस महीने अब तक 197.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि दीर्घ अवधि का औसत 192.6 मिलीमीटर है, जो सामान्य से 4.5 मिलीमीटर यानी करीब 2 प्रतिशत अधिक है। वहीं, रिज वेधशाला में 244.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इसका दीर्घ अवधि का औसत 179.3 मिलीमीटर है, जो सामान्य से 65.6 मिलीमीटर यानी करीब 37 प्रतिशत अधिक है।

आईएमडी ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: करीब 33 डिग्री और 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने दिल्ली में महीने के अंत तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान भी जताया है।

भाषा अमित पारुल

पारुल


लेखक के बारे में