दिल्ली में 2008 के बाद नवंबर का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया

दिल्ली में 2008 के बाद नवंबर का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया

दिल्ली में 2008 के बाद नवंबर का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया
Modified Date: November 29, 2022 / 08:08 pm IST
Published Date: November 7, 2022 11:14 pm IST

नयी दिल्ली, सात नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2008 के बाद नवंबर महीने के लिए सबसे अधिक है। यह जानकारी मौसम संबंधी आंकड़ों से मिली।

राष्ट्रीय राजधानी में 13 साल पहले इसी महीने 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

अधिकतम तापमान जहां मौसम के औसत से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।

पालम वेधशाला ने अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

नजफगढ़ वेधशाला ने अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पीतमपुरा और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स ने सोमवार को तापमान क्रमशः 34.6 डिग्री सेल्सियस और 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि आर्द्रता का स्तर 38 फीसदी से 96 फीसदी के बीच रहा।

इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में हवा की गुणवत्ता सुबह 352 दर्ज की गई जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आती है।

मौसम विज्ञानियों ने मंगलवार सुबह धुंध या हल्का कोहरा छाये रहने और दिन में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 और 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

भाषा अमित प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में