दिल्ली में भीषण गर्मी की चपेट में, शुक्रवार को राहत मिलने की संभावना
दिल्ली में भीषण गर्मी की चपेट में, शुक्रवार को राहत मिलने की संभावना
नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा और सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने बताया कि 29 मई से दिल्लीवासियों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। आईएमडी ने गरज के साथ बारिश और आंधी का अनुमान जताया है।
आईएमडी ने बताया, “पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण क्षेत्र में 29 मई से लू की स्थिति में राहत मिलने की संभावना है।”
मंगलवार को आयानगर में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक था। रिज में 44.6 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 43.8 डिग्री सेल्सियस और पालम में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
शहर का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक है। वहीं, पालम में 27.5 डिग्री सेल्सियस, रिज में 26.7 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 25.6 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 27.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
आईएमडी ने बुधवार के लिए लू को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है।
इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार मंगलवार शाम छह बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 252 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
भाषा
राखी माधव
माधव

Facebook


