दिल्ली में तेज रफ्तार से जा रही एसयूवी ने खड़े हुए वाहन को टक्कर मारी, एक व्यक्ति की मौत

दिल्ली में तेज रफ्तार से जा रही एसयूवी ने खड़े हुए वाहन को टक्कर मारी, एक व्यक्ति की मौत

दिल्ली में तेज रफ्तार से जा रही एसयूवी ने खड़े हुए वाहन को टक्कर मारी, एक व्यक्ति की मौत
Modified Date: August 18, 2023 / 02:13 pm IST
Published Date: August 18, 2023 2:13 pm IST

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) पूर्वोत्तर दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में सड़क के किनारे खड़ा एक मालवाहक वाहन तेज गति से जा रही एक एसयूवी की टक्कर लगने से पलट गया जिसके नीचे दब कर एक व्यक्ति की मौत हो गई ।

पुलिस ने यह जानकारी देते हुए शुक्रवार को बताया कि वह व्यक्ति वहां साइनबोर्ड लगा रहा था। यह घटना शास्त्री नगर के युधिष्ठिर सेतु के पास जीटी रोड पर बीती देर रात करीब एक बजकर 50 मिनट पर हुई।

पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) जॉय तिर्की ने बताया कि शालीमार गांव का निवासी सोहन सड़क विभाजक पर लगे एक खंभे पर साइनबोर्ड लगा रहा था। पास ही उसका (मालवाहक) वाहन भी खड़ा था। तेज़ रफ़्तार से आई एक एसयूवी ने उसके वाहन को पीछे से टक्कर मारी जिससे वह सड़क विभाजक पर जा पलटा और उसके नीचे दबकर सोहन की मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि इस घटना में एसयूवी चालक को भी चोट आई है और उसे अस्पताल ले जाया गया। दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उन्हें खींच कर ले जाना पड़ा।

डीसीपी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और 304(ए) (लापरवाही के कारण मौत) के तहत शास्त्री पार्क पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि एसयूवी चालक को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है।

भाषा मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में