दिल्ली: द्वारका एक्सप्रेसवे पर 15 लाख रुपये की लूट के मामले में तीन लोग गिरफ्तार
दिल्ली: द्वारका एक्सप्रेसवे पर 15 लाख रुपये की लूट के मामले में तीन लोग गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक व्यक्ति से 15 लाख रुपये लूटने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया और लूटी गई रकम में से 11.96 लाख रुपये बरामद कर लिए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) पर छह अप्रैल को सूचना मिली थी कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर सेक्टर 22 स्थित दिल्ली अपार्टमेंट में यह घटना घटी, जिसके बाद नौ अप्रैल को मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान, एक टीम ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, मोबाइल लोकेशन का पता लगाया और संदिग्धों की पहचान करने के लिए स्थानीय मुखबिरों की मदद ली।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी संदीप (29) को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी संतोष महतो (29) की संलिप्तता का खुलासा किया, जिसे बाद में नांगलोई के एक होटल से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘लूटी गई रकम में से 10 लाख रुपये और अपराध की कमाई से खरीदा गया एक मोबाइल फोन महतो के पास से बरामद किया गया है।’’
इसके बाद जांच में तीसरे आरोपी सूरज सोनकर (23) को सदर बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से 1.96 लाख रुपये बरामद किए और अपराध में इस्तेमाल किए गए स्कूटर की पहचान की।
अधिकारी ने बताया कि लूटी गई रकम में से 11.96 लाख रुपये बरामद कर लिए गए।
भाषा यासिर नरेश
नरेश

Facebook


