दिल्ली यातायात पुलिस ने जिगर प्रत्यारोपण मरीज़ के लिए बनाया हरित गलियारा
दिल्ली यातायात पुलिस ने जिगर प्रत्यारोपण मरीज़ के लिए बनाया हरित गलियारा
नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस ने जिगर प्रत्यारोपण मरीज़ को हरित गलियारा बनाकर तेज़ी से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचाया जिससे वह जीवनरक्षक सर्जरी के लिए हैदराबाद जाने वाली उड़ान में सवार हो सका।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम को सूचना मिली कि एक मरीज को सीमित समय के भीतर अस्पताल से हवाई अड्डे के टर्मिनल 4 तक ले जाना है जिसके बाद यह हरित गलियारा बनाया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि यातायात पुलिस की एक टीम ने मरीज के संपर्क अधिकारी के साथ समन्वय किया और अभियान में शामिल सभी अधिकारियों के बीच तालमेल के लिए एक समर्पित संचार माध्यम स्थापित किया।
अभियान के लिए एक टीम तैनात की गई थी। मोटरसाइकिल सवार पुलिसकर्मियों ने रास्ता खाली कराया, जबकि अन्य कर्मियों ने मार्ग में यातायात की निगरानी की और विभिन्न यातायात सर्किलों के साथ समन्वय बनाए रखा।
पुलिस ने कहा कि शाम के समय भारी यातायात होने के बावजूद, एम्बुलेंस ने सर गंगा राम अस्पताल से आईजीआई हवाई अड्डे तक लगभग 20 किलोमीटर की दूरी तकरीबन 20 से 22 मिनट में तय की, जिससे मरीज उड़ान में सवार होने के लिए समय पर हवाई अड्डे पर पहुंच सका।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश

Facebook


