दिल्ली : डिवाइडर से टकराकर ट्रक पलटा, चालक की मौत
दिल्ली : डिवाइडर से टकराकर ट्रक पलटा, चालक की मौत
नयी दिल्ली, मार्च (भाषा) दक्षिणपूर्वी दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में एक ट्रक के डिवाइडर से टकरा कर पलट जाने से उसके 32 वर्षीय चालक की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोप है कि ट्रक चालक अन्य स्थान पर मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद भागने की कोशिश कर रहा था।
उसने बताया कि यह घटना रविवार देर रात करीब एक बजे ओखला औद्योगिक क्षेत्र में एसआईएस प्रोसेगर भवन के पास हुई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘दुर्घटना की जानकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को मिलने पर एक टीम मौके पर पहुंची और पाया कि ओखला अंडरपास के पास एक ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया था।’’
उन्होंने बताया कि वाहन के पास एक व्यक्ति बेहोश पड़ा मिला, जिसे तुरंत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कासगंज निवासी लोकेंद्र के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना से कुछ ही समय पहले, ट्रक ने सरिता विहार में एक पेट्रोल पंप के पास एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी।
अधिकारी ने बताया, ‘‘टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो लोग घायल हो गए और उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।’’
उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल से टक्कर के बाद ट्रक चालक कथित तौर पर घटनास्थल से भाग गया और ट्रक पर नियंत्रण खोने के बाद ओखला अंडरपास के पास डिवाइडर से टकरा गया।
भाषा धीरज शोभना
शोभना

Facebook


