जोधपुर फैक्टरी आग : घायल छह दमकलकर्मी बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर
जोधपुर फैक्टरी आग : घायल छह दमकलकर्मी बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर
जोधपुर, 24 सितंबर (भाषा) राजस्थान के जोधपुर में एक हस्तशिल्प फैक्टरी में लगी आग बुझाने के दौरान घायल हुए 14 दमकलकर्मियों में से छह को बेहतर इलाज के लिए बृहस्पतिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा बनाए गए ‘ग्रीन कॉरिडोर’ के जरिए छह घायल दमकलकर्मियों को अलग-अलग एंबुलेंस से जयपुर ले जाया गया। एंबुलेंस की तेज आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मार्ग में कई स्थानों पर यातायात रोक दिया गया।
महात्मा गांधी अस्पताल के अधीक्षक फतेह सिंह भाटी ने बताया कि परिजनों के आग्रह पर छह दमकलकर्मियों को जयपुर भेजा गया। यातायात पुलिस ने रास्ते में कई स्थानों पर यातायात रोककर एंबुलेंस को जल्द आगे बढ़ाने की व्यवस्था की। प्रत्येक एंबुलेंस में एक चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ का एक सदस्य मौजूद था।
डॉ. भाटी ने बताया कि सात अन्य घायल दमकलकर्मियों का महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज जारी है। इनमें से तीन की हालत गंभीर है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। एक अन्य दमकलकर्मी को मामूली चोटें आई थीं।
बासनी इलाके की हस्तशिल्प फैक्टरी में बुधवार शाम आग लगी थी। फैक्टरी परिसर में रखे रसायन से भरे ड्रमों ने आग पकड़ ली, जिसके बाद कई विस्फोट हुए। आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मी इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया था। हादसे में घायल 14 दमकलकर्मियों में से एक को मामूली चोट आई थी, जबकि 13 को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जोधपुर नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने फैक्टरी मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बासनी थानाधिकारी नितिन डे ने बताया कि फैक्टरी के मालिकाना हक, पंजीकरण और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आग लगने और ड्रमों में हुए विस्फोट के कारणों की भी जांच की जा रही है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत

Facebook


