दिल्ली : चोरी के आरोप में दो गिरफ्तार, चोरी का माल लेने के आरोप में एक ज्वेलर हिरासत में
दिल्ली : चोरी के आरोप में दो गिरफ्तार, चोरी का माल लेने के आरोप में एक ज्वेलर हिरासत में
नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के बिंदापुर इलाके में हुई चोरी के सिलसिले में एक जौहरी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और लाखों रुपये मूल्य की पिघली हुई चांदी, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और पुराने सिक्के बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान हर्ष प्रसाद (20), आकाश यादव (19) और जौहरी राजेश कुमार कटारिया (54) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल को एक ई-प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जब एक शिकायतकर्ता ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने उसके घर से सोने और चांदी के आभूषणों के साथ-साथ 73,800 रुपये नकद चोरी कर लिए थे।
जांच के दौरान, पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और एक व्यक्ति को शिकायतकर्ता के घर में प्रवेश करते और लगभग दो घंटे तक अंदर रहने के बाद बाहर निकलते हुए देखा।
बाद में संदिग्ध की पहचान आकाश के रूप में हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ’29 अप्रैल को एक टीम ने आकाश को नजफगढ़ से पकड़ा। पूछताछ के दौरान उसने हर्ष की संलिप्तता का खुलासा किया, जिसके बाद हर्ष को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।’
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी की गई चांदी को पिघलाकर करोल बाग के एक जौहरी को 5.10 लाख रुपये में बेच दिया गया था। इस खुलासे के आधार पर पुलिस ने जौहरी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से 2.433 किलोग्राम पिघली हुई चांदी की ईंट बरामद की।
उन्होंने बताया कि आरोपियों से लगभग 5.58 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, चांदी की पायल, पैर की अंगूठियां और 198 पुराने भारतीय और विदेशी सिक्के बरामद किए गए।
भाषा तान्या माधव
माधव

Facebook


