दिल्ली : लूट मामले में दो गिरफ्तार, चार नाबालिग हिरासत में, 40 लाख की संपत्ति जब्त

Ads

दिल्ली : लूट मामले में दो गिरफ्तार, चार नाबालिग हिरासत में, 40 लाख की संपत्ति जब्त

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 05:41 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 05:41 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दिनदहाड़े हुई लूट के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है तथा कथित तौर पर लूटी गई करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह मामला 17 जुलाई, 2025 को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के कन्हैया नगर मेट्रो स्टेशन के पास दिनदहाड़े हुई 39.99 लाख रुपये की लूट से संबंधित है। उस दिन, देसी पिस्तौल और चाकू से लैस आरोपियों ने शिकायतकर्ता मनोज तवानिया को मेट्रो स्टेशन के पास लूटा और नकदी लेकर फरार हो गया।

इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ केशवपुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच के लिए कई टीम गठित की गईं।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान चार नाबालिगों को पकड़ा गया और दिल्ली के मुकुंदपुर निवासी आरिफ को अपराध में इस्तेमाल की गई देसी पिस्तौल की व्यवस्था करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों से 11.92 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि मामले के कथित मुख्य साजिशकर्ता धीरज रंधावा उर्फ ​​धर्मप्रीत उर्फ ​​दलाल को राजस्थान के श्री गंगानगर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, धीरज ने कथित तौर पर पैसों का लालच देकर इन नाबालिगों को साजिश में शामिल किया था और अपराध को अंजाम देने के बाद उनकी भूमिका के आधार पर लूटी गई रकम बांटी थी।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं को पता चला कि धीरज ने लूटी गई रकम का एक बड़ा हिस्सा अपने पास रखा था और उससे गहने तथा राजस्थान के श्रीगंगानगर में भूखंड खरीदा था।

पुलिस ने कथित तौर पर लूट की रकम से खरीदे गए सोने के कई आभूषण बरामद किए, जिसमें एक मंगलसूत्र, एक कंगन, बालियों की एक जोड़ी और दो अंगूठियां शामिल थीं। मोटोरोला का एक फोन तथा कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद की गईं। पुलिस ने बताया कि आभूषणों को जब्त कर शिकायतकर्ता को सौंप दिया गया है, जबकि राजस्थान स्थित एक भूखंड को कुर्क करने की प्रक्रिया फिलहाल जारी है।

पुलिस ने बताया कि धीरज (27) कथित तौर पर राजस्थान में आठ आपराधिक मामलों में शामिल है।

भाषा

प्रचेता मनीषा

मनीषा

मनीषा