दिल्ली : सीलमपुर इलाके में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में दो किशोर हिरासत में
दिल्ली : सीलमपुर इलाके में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में दो किशोर हिरासत में
नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में 17 वर्षीय लड़के की चाकू घोंपकर हत्या करने के आरोप में बृहस्पतिवार को दो नाबालिगों को पकड़ा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब नौ बजे सीलमपुर थाने को एक व्यक्ति को चाकू घोंपे जाने की सूचना मिली। इसके बाद एक टीम गौतमपुरी स्थित घटनास्थल पर पहुंची तो पता चला कि घायल को उसका चचेरा भाई पहले ही जग प्रवेश चंद (जेपीसी) अस्पताल ले गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान गौतमपुरी निवासी लकी कुमार के तौर पर हुई है।
उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक दल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में सीलमपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर किया है और आरोपियों को पकड़ने के लिए दो टीमें गठित की गईं।
उन्होंने बताया कि टीमों ने विभिन्न स्रोतों से खुफिया जानकारी इकट्ठा की और अपराधियों की पहचान करने के लिए आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जिसके आधार पर, संदिग्धों की पहचान की गई और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद 15-16 साल की उम्र के दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया गया।
उनके मुताबिक, आरोपियों ने वारदात में अपने तीसरे साथी की संलिप्तता के बारे में भी जानकारी दी। आरोपियों ने बताया कि बुधवार सुबह उनका पीड़ित के साथ मामूली मुद्दे पर विवाद हुआ था, जिसके बाद रात में उसकी हत्या को अंजाम दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि उनकी निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई तथा तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
भाषा नोमान नोमान शफीक
शफीक

Facebook


