दिल्ली: महिला नियोक्ता के घर पर मृत मिली

दिल्ली: महिला नियोक्ता के घर पर मृत मिली

दिल्ली: महिला नियोक्ता के घर पर मृत मिली
Modified Date: May 22, 2026 / 09:34 pm IST
Published Date: May 22, 2026 9:34 pm IST

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) उत्तर पश्चिम दिल्ली के शालीमार बाग स्थित एक घर में 18 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि वह इस घर में सहायिका के तौर पर काम करती थी और जिस कमरे में उसने कथित रूप से अपनी जान दी है, वह अंदर से बंद था।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या उसका परिवार उस शख्स के साथ उसकी शादी का विरोध कर रहा था जिसे वह पसंद करती थी और इस वजह से उसने कथित रूप से खुदकुशी की है।

वहीं, पीड़िता के परिवार वालों को साजिश का संदेह है और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उन्होंने कहा, “ऐसा लग रहा था जैसे किसी ने उसकी हत्या कर दी हो और फिर उसे फंदे पर लटका दिया हो। पुलिस को मामले की ठीक से जांच करनी चाहिए और घर के सीसीटीवी फुटेज की जांच करनी चाहिए जहां वह काम करती थी।”

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “प्रारंभिक जांच में पता चला कि जिस कमरे में युवती काम कर रही थी, वह अंदर से बंद था। घर के मालिक ने बाद में दरवाजा तोड़कर उसे पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”

अधिकारी ने बताया, ‘महिला की आज़ादपुर निवासी 20 वर्षीय युवक से जान-पहचान थी और उसने उससे शादी करने की इच्छा व्यक्त की थी, लेकिन उसके परिवार वालों ने इस रिश्ते का विरोध किया था।’

पुलिस ने बताया कि वे सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर रहे हैं।

पीड़िता की बहन ने बताया कि वह सुबह करीब 9:30 बजे काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। बाद में, उन्हें उसके नियोक्ता का फोन आया, जिसने उन्हें उसकी मृत्यु की सूचना दी।

उसने बताया कि उसके भाइयों सहित परिवार के सदस्यों ने शव को नीचे उतारा।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह लगभग नौ महीने से इस घर में काम कर रही थी और उसके खिलाफ कभी कोई शिकायत नहीं हुई थी।

पड़ोसियों ने भी उसकी मौत को संदिग्ध बताया और कहा कि उसने कभी भी अपने परिवार के सदस्यों से अपनी कोई समस्या साझा नहीं की थी। स्थानीय लोगों ने उसे बहुत ही हंसमुख लड़की बताया।

परिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश


लेखक के बारे में