नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में मात्र 150 रुपये को लेकर विवाद के कारण एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि तिलक नगर थाने को सोमवार को एक युवती का फोन आया जिसने अपने भाई पारस को चाकू मारे जाने और उसे डीडीयू (दीन दयाल उपाध्याय) अस्पताल ले जाने की सूचना दी।
उन्होंने बताया कि पीठ और बाएं पैर की जांघ पर गंभीर घावों के कारण पारस (23) की उपचार के दौरान मौत हो गई।
इस संबंध में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
स्वामी ने बताया कि पुलिस टीम ने इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाली और स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई और इसके आधार पर वारदात के कुछ ही घंटों के अंदर चौखंडी के बी-ब्लॉक स्थित एक स्थानीय पार्क से 15 और 16 साल के तीन किशोरों को पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान किशोरों ने खुलासा किया कि करीब 40-45 दिन पहले पीड़ित ने उनमें से एक से जबरन 150 रुपये ले लिए थे और वह पैसे वापस नहीं कर रहा था।
स्वामी के अनुसार, किशोरों ने बताया कि रविवार एवं सोमवार की दरमियानी रात उन्होंने पारस को रोका और पैसे न देने की बात पर उनके बीच झगड़ा हुआ जिसके बाद एक किशोर ने उस पर कथित तौर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
अधिकारी ने बताया कि तीनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान सिम्मी
सिम्मी